
महराजगंज। नौतनवां विकासखंड क्षेत्र के परसासुमाली गांव के पास दो विशालकाय चितंग सांपों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दोनों सांप रिहायशी इलाके के बेहद करीब कटान रोधी पत्थरों के बीच देखे गए हैं। आबादी के नजदीक सांपों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के पास कटान रोधी पत्थरों के बीच दोनों विशालकाय सांप दिखाई दिए। सांपों को एक साथ देखकर आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों को आशंका है कि इन सांपों की मौजूदगी से कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी है। साथ ही विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि दोनों सांपों को प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला जाए और आबादी से दूर उनके प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाके के इतने करीब सांपों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग को जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल ग्रामीणों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।