महराजगंज में SIR अभियान को लेकर भाजपा ने शुरू की जागरूकता पहल

    20-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर राजनीतिक दलों ने लोगों को जागरूक करने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में निचलौल विकास खंड की ग्राम सभा कटहरी में भाजपा के जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने ग्रामीणों और युवाओं के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी। बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 

इसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है, ताकि वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। इसके लिए लोगों को पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी होना भी जरूरी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांवों में घर-घर जाकर लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करें।

कार्यकर्ता ग्रामीणों और युवाओं को एसआईआर के उद्देश्य, प्रक्रिया और उससे जुड़ी जरूरी जानकारियों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह प्रयास किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या उसमें जरूरी संशोधन कराने से वंचित न रह जाए।                 

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनसंपर्क के माध्यम से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में ग्रामीणों और युवाओं की भागीदारी के जरिए अभियान को गांव स्तर तक प्रभावी बनाने की बात भी कही गई। कार्यक्रम के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान मनोज पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी, दीपक चौधरी, बैजनाथ सिंह, गौरव दुबे, पुनीत शर्मा, मिथिलेश कुमार, मनीष मिश्रा, राहिल अंसारी, विक्की पासवान और मोनू पांडेय सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।