
महराजगंज। सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार, ट्रेनों के नियमित संचालन और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को व्यापारियों ने रेल प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखने की कोशिश की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारी डीआरएम से मिलने स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। डीआरएम का सैलून सिसवा स्टेशन पर रुके बिना ही पनियहवा के लिए रवाना हो गया। वापसी के दौरान भी सैलून का ठहराव नहीं हुआ।
इसके बाद व्यापारियों ने प्रमोद जायसवाल के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक को पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी से लेकर ट्रेनों की लेटलतीफी और सुरक्षा व्यवस्था तक कई समस्याएं उठाई गईं। व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म काफी लंबा है, लेकिन वहां लगा शेड छोटा होने के कारण यात्रियों को बारिश के मौसम में परेशानी होती है। ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म पर जाने वाले यात्रियों को कई बार भीगना पड़ता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर नए और बड़े शेड लगाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही सभी प्लेटफॉर्म पर कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग उठाई गई, ताकि यात्रियों को अपने निर्धारित कोच तक पहुंचने में परेशानी न हो। व्यापारियों ने स्टेशन के वेटिंग हॉल को सभी यात्रियों के लिए खुला रखने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने की भी मांग की।
डीआरएम के निरीक्षण को लेकर व्यापारी उनसे मुलाकात कर स्टेशन की समस्याएं बताने पहुंचे थे, लेकिन उनका सैलून सिसवा रेलवे स्टेशन पर रुके बिना ही पनियहवा के लिए रवाना हो गया। व्यापारियों को उम्मीद थी कि वापसी के दौरान डीआरएम उनसे मिलेंगे, लेकिन लौटते समय भी सैलून का ठहराव नहीं हुआ। इससे व्यापारियों को निराशा हाथ लगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्टेशन अधीक्षक से मुलाकात कर डीआरएम के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपा और स्टेशन की समस्याओं से रेल प्रशासन को अवगत कराया।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 खाली होने पर भी दूसरे प्लेटफॉर्म पर रुकती हैं ट्रेनें
ज्ञापन में प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी सवाल उठाए गए। व्यापारियों का कहना है कि कई बार प्लेटफॉर्म नंबर-1 खाली होने के बावजूद प्रमुख ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रोका जाता है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान लेकर फुट ओवरब्रिज से गुजरना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 खाली रहने पर ट्रेनों को वहीं रोका जाए।
व्यापारियों ने आरक्षण और बुकिंग काउंटर की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि तत्काल टिकट लेने के लिए लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टिकट नहीं मिल पाता। वहीं, कुछ लोगों को पहले ही टिकट मिल जाने और दलालों के सक्रिय रहने की शिकायतें भी सामने आती हैं।
व्यापार मंडल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए टिकट बुकिंग व्यवस्था की जांच कराने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करने की मांग की है। व्यापारियों ने सिसवा स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन, कामाख्या-कटरा एक्सप्रेस और 23 नवंबर 2026 से प्रस्तावित अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके अलावा सिसवा से गोरखपुर रूट पर चलने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों को स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी से मरीज परेशान
व्यापारियों ने कहा कि ठंड का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन पैसेंजर ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ता है, जिन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाना होता है। ऐसे में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन समय से कराने की मांग की गई। इसके अलावा गोरखपुर से नौतनवा और गोरखपुर से पडरौना रूट पर चलने वाली पैसेंजर डेमो ट्रेनों की तर्ज पर गोरखपुर से पनियहवा तक भी डेमो ट्रेन चलाने की मांग उठाई गई। व्यापारियों का कहना है कि इस रूट पर डेमो ट्रेन चलाने की मांग पहले भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हुई है।
ज्ञापन में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय स्टेशन परिसर में कुछ अनाधिकृत, अराजक और नशे की हालत में घूमने वाले लोगों के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन परिसर में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।
व्यापार मंडल ने रेल प्रशासन से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन व्यापारियों की ओर से उठाई गई इन मांगों पर कब तक संज्ञान लेता है।