महराजगंज। 21 नवंबर। प्रसिद्ध गायक एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन को महराजगंज जिले का स्वीप आइकॉन बनाया गया है। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 और विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने प्रदेश निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में उनका चयन किया है।
अमित अंजन संगीत, कला और साहित्य के माध्यम से आम जनमानस को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे। उनका प्रयास होगा कि लोक कलाओं, गीत-संगीत, नाटक और नृत्य के जरिए अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
इस जिम्मेदारी पर अमित अंजन ने कहा कि पिछले चुनावों में भी उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए काम किया था। उनके अनुसार, उस प्रयास के परिणामस्वरूप महराजगंज ने अंतिम चरण में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत का कीर्तिमान बनाया था। इस योगदान के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से एक बार फिर यह जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। पिछले चुनावों में भी उन्होंने वीडियो और ऑडियो के माध्यम से लोगों से मतदान करने की अपील की थी।
अमित अंजन ने बताया कि लोक कलाएं, संगीत, नाटक और नृत्य आम जनमानस को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। इसी सोच के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उनका लक्ष्य महराजगंज का मतदान प्रतिशत सर्वाधिक बनाए रखने में योगदान देना है। इसके लिए नए वीडियो, गीत और नाटकों की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन से हरी झंडी मिलते ही इन जागरूकता कार्यक्रमों को जारी किया जाएगा, ताकि मतदाताओं तक मतदान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
अमित अंजन ने नवागत जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी मिलकर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करेंगे। अमित अंजन को स्वीप आइकॉन बनाए जाने पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।