महराजगंज। आभा आईडी बनाने में तेजी लाने के निर्देश, एचपीवी टीकाकरण के लिए भी तैयार होगी ड्यू लिस्ट
महराजगंज। जिले में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सभागार में शहरी क्षेत्र की एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने की।
इसमें आभा आईडी बनाने के काम में तेजी लाने के साथ एचपीवी टीकाकरण अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में डिप्टी सीएमओ ने सभी योग्य लाभार्थियों की आभा आईडी शत-प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा और एएनएम अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पात्र लोगों को चिह्नित करें और उनकी आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं।
इस काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने और पात्र लाभार्थियों को इस डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया।
इसके साथ ही बैठक में एचपीवी वैक्सीन को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. केपी सिंह ने आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में एचपीवी वैक्सीन के लिए योग्य लाभार्थियों की ड्यू लिस्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सूची तैयार करने के बाद निर्धारित टीकाकरण सत्रों पर सभी पात्र लाभार्थियों को वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने तथा टीकाकरण की जानकारी देने को कहा गया। डिप्टी सीएमओ ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आशा कार्यकर्ता लाभार्थियों और उनके अभिभावकों को वैक्सीन के फायदे के बारे में विस्तार से बताएं, ताकि टीकाकरण को लेकर किसी तरह की भ्रांति या झिझक न रहे।
उन्होंने कहा कि लोगों को सही जानकारी मिलने से टीकाकरण अभियान में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
बैठक में आभा आईडी निर्माण और एचपीवी टीकाकरण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में नियमित संपर्क और जागरूकता के माध्यम से दोनों कार्यों को गति दें, ताकि निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके।