
महराजगंज। समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता अमित चौबे ने करमहा में लेहरा मंदिर और धानी जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मौजूदा सांसद पंकज चौधरी पर इस समस्या को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। अमित चौबे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी कर सड़क की जर्जर हालत और राहगीरों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों मोटरसाइकिलें गुजरती हैं। इसके अलावा करीब 50 स्कूल बसें सैकड़ों बच्चों को लेकर इसी रास्ते से आवागमन करती हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अमित चौबे ने कहा कि इस मार्ग पर अब तक कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? क्या मासूम बच्चों और आम राहगीरों की जान की कोई कीमत नहीं है?
सपा नेता ने संबंधित ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को आगाह करते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की अपील की, ताकि स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को दुर्घटनाओं के खतरे से बचाया जा सके। उनका कहना है कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।