
महराजगंज। पनियरा स्थित साधन सहकारी समिति पर शनिवार को खाद वितरण के दौरान किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। किसानों ने सचिव पर कुछ लोगों को खाद वितरित करने के बाद अन्य किसानों की पासबुक जमा कराकर चले जाने का आरोप लगाया। सचिव के अचानक गायब होने से नाराज किसानों ने समिति परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए।
किसानों का आरोप है कि समिति पर खाद वितरण में मनमानी की जा रही है। कुछ किसानों को खाद देने के बाद सचिव वहां से चले गए, जबकि कई किसान सुबह से ही खाद मिलने की उम्मीद में लाइन में लगे थे। किसानों ने निर्धारित मूल्य से अधिक रुपये लिए जाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि समिति पर किसानों को नियमानुसार खाद नहीं मिल पा रही है।
किसानों ने बताया कि बारिश के कारण धान की कटाई में देरी हुई है। अब किसान गेहूं की बुआई की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन डीएपी और एनपीके खाद की कमी के चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। खाद के लिए किसान समितियों के चक्कर काट रहे हैं और सुबह से ही लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। समिति पर मौजूद किसान चंद्रभान, सुनील सहानी, मनोज सिंह, महेंद्र मल्ल और गोवर्धन ने बताया कि वे डीएपी खाद के लिए सुबह सात बजे से लाइन में लगे थे। इसी दौरान सचिव पहुंचे और दो-चार किसानों को खाद देने के बाद वहां से चले गए। इससे बाकी किसानों को निराश होकर इंतजार करना पड़ा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने भी सचिव और कर्मचारियों के गायब होने की बात कही
साधन सहकारी समिति पनियरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश सिंह ने बताया कि समिति के सचिव और कर्मचारी गायब हैं। उन्हें बुलाने के बावजूद वे नहीं आ रहे हैं। इससे खाद वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में एडीओ कोऑपरेटिव रणजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पनियरा साधन सहकारी समिति पर 15 मीट्रिक टन डीएपी खाद पहुंची थी। वहीं, समिति के सचिव जय हिंद वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से वह पैसा जमा करने के लिए बैंक चले गए थे। फिलहाल खाद वितरण को लेकर किसानों में नाराजगी बनी हुई है। किसानों ने व्यवस्था में सुधार कर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।