बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को यमराज ने रोका, चित्रगुप्त ने खोला हिसाब-किताब

    21-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। सड़क पर बिना हेलमेट बाइक चलाकर निकलने वाले वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को अनोखा तरीका अपनाया। नगर के प्रमुख चौराहों पर चलाए गए जागरूकता अभियान में यमराज और चित्रगुप्त के वेश में पहुंचे दो होमगार्ड लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। यमराज बने होमगार्ड ने जहां बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर मजाकिया अंदाज में सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया, वहीं चित्रगुप्त बने होमगार्ड रजिस्टर में उनका हिसाब-किताब लिखते नजर आए।


हाथ में गदा लेकर यमराज के रूप में पहुंचे होमगार्ड शक्ति प्रताप ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों से सवाल किया कि आखिर यमलोक जाने की इतनी जल्दी क्यों है? क्या परिवार में कोई उनका इंतजार नहीं कर रहा है? उनके इस अंदाज पर वाहन चालक मुस्कुराते नजर आए, लेकिन साथ ही उन्हें अपनी गलती का एहसास भी हुआ। वहीं चित्रगुप्त बने होमगार्ड शैलेश शर्मा रजिस्टर में वाहन चालकों का हिसाब दर्ज करते दिखे।


अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर स्कूटी से जा रही एक छात्रा को यमराज ने रोककर उसकी सराहना की। उन्होंने छात्रा की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि यह देश की बेटी है, इसे अपने सपने पूरे करने हैं। इसलिए यह यातायात नियमों का पालन कर रही है। उन्होंने अन्य वाहन चालकों से भी छात्रा की तरह हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।


इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर बिना हेलमेट जा रहा था। यमराज ने उसकी पत्नी को समझाते हुए कहा कि अगली बार जब पति बिना हेलमेट बाइक लेकर निकलें तो उन्हें रोकें। उनसे साफ कह दें कि जब तक हेलमेट नहीं पहनेंगे, तब तक वह बाइक पर नहीं बैठेंगी। यमराज बने होमगार्ड ने लोगों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ने से यमलोक में भीड़ बढ़ गई है। इसी वजह से उन्हें यातायात पुलिस की मदद के लिए धरती पर आना पड़ा है। उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई।


उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। लोगों को खुद नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल सड़क हादसों में गंभीर चोट और जान जाने के खतरे को कम करने में मदद करता है। यदि सभी नागरिक यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनें तो सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।


अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने कान पकड़कर दोबारा यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने का संकल्प लिया। नगर के सक्सेना चौराहा, मऊपाकड़, हनुमानगढ़ी, शिकारपुर और सिंदुरिया में यातायात पुलिस की ओर से यह अभियान चलाया गया। इस दौरान एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, सीओ ट्रैफिक शशिमौली पांडेय, टीआई अरुणेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार, घनश्याम यादव, हेड कांस्टेबल लल्लन यादव, होमगार्ड रामनयन यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अनोखे अंदाज में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि हास्य और संवाद के जरिए हेलमेट, सीटबेल्ट तथा यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।