50 घंटे बाद भी तालाब में लापता व्यक्ति का नहीं मिला सुराग, रेस्क्यू अभियान जारी

    23-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बंजरहा सोनबरसा के फुलवरिया पूरब टोला में तालाब में लापता हुए व्यक्ति का 50 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। लापता व्यक्ति की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। वहीं, परिजन तालाब के किनारे अपनों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


जानकारी के अनुसार, लापता व्यक्ति की पहचान ओमप्रकाश (38) पुत्र रामदास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम वह घर के पास स्थित तालाब के किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तालाब के गहरे पानी में चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू कराई। हालांकि, रातभर खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।


इसके बाद शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बाद में एसएसबी की टीम और स्थानीय गोताखोरों को भी तलाश अभियान में लगाया गया। तालाब में लगातार खोजबीन के बावजूद लापता व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। इधर, 50 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के लोग तालाब के किनारे रेस्क्यू टीम की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद से गांव में भी मायूसी का माहौल है।

फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस और बचाव दल की टीमें लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।