महराजगंज में हवाई हमले और ब्लैकआउट से निपटने की मॉक ड्रिल, 10 लोगों का किया गया रेस्क्यू

    23-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों और ब्लैकआउट से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को कलक्ट्रेट परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। शाम छह बजे से 6:30 बजे तक चले इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और राहत-बचाव व्यवस्था का परीक्षण किया गया।


मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, आग लगने और 10 लोगों के फंसे होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। निर्धारित समय पर सायरन बजाकर ब्लैकआउट लागू किया गया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र की बिजली और प्रकाश व्यवस्था बंद कर दी। कंट्रोल रूम को आग लगने और लोगों के फंसे होने की सूचना दी गई, जिसके बाद अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। हवाई हमले जैसी स्थिति का आभास कराने के लिए पटाखों और धुएं का कृत्रिम प्रभाव भी तैयार किया गया।


सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं, नागरिक सुरक्षा और रेस्क्यू टीम ने फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम और फील्ड अस्पताल को भी सक्रिय किया गया। पूरे अभ्यास के दौरान आठ एंबुलेंस और सात फायर टेंडर तैनात रहे।


10 लोगों का रेस्क्यू कर किया गया ट्रायेज

रेस्क्यू टीम ने काल्पनिक दुर्घटना में प्रभावित सभी 10 लोगों को सुरक्षित निकालकर मेडिकल पोस्ट तक पहुंचाया। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका ट्रायेज किया। इनमें सात लोगों को सामान्य श्रेणी में रखते हुए प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया गया, जबकि तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार और स्थिरीकरण के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया अपनाई गई।


इसके बाद घटनास्थल की अंतिम तलाशी ली गई। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी 10 लोगों की संख्या और उनकी स्थिति की पुष्टि की गई। सभी राहत एवं बचाव कार्य पूरे होने और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ब्लैकआउट समाप्त करने की अनुमति दी गई। विद्युत विभाग ने दोबारा प्रकाश व्यवस्था बहाल की। सभी टीमों और संसाधनों की गणना के बाद शाम 6:30 बजे मॉक ड्रिल संपन्न हुई।


इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, प्रभारी अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी विजय यादव, जिला आपदा विशेषज्ञ चंदन द्विवेदी समेत पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के जरिए आपातकालीन चेतावनी मिलने से लेकर ब्लैकआउट लागू करने, रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और स्थिति सामान्य होने तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जन-धन की क्षति को कम करना और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।