मंशा ट्रेडर्स में मिला हजारों क्विंटल खाद्यान्न, ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक शून्य

    23-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सोहट में संचालित मंशा ट्रेडर्स पर मंडी समिति की जांच में खाद्यान्न के भंडारण को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई है। फर्म के परिसर में हजारों क्विंटल धान, गेहूं और चावल का भंडार मिला, जबकि विभागीय ऑनलाइन पोर्टल पर फर्म का पूरा स्टॉक शून्य दर्ज था। मौके पर मिले खाद्यान्न और ऑनलाइन रिकॉर्ड में भारी अंतर पाए जाने पर मंडी समिति ने फर्म के प्रोपराइटर को नोटिस जारी कर दो कार्यदिवस के भीतर जवाब मांगा है।

मंडी समिति निचलौल की टीम ने रविवार को सोहट स्थित मेसर्स मंशा ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया।


सुरेंद्र गुप्ता के नाम से संचालित इस फर्म की जांच के दौरान प्रोपराइटर मौके पर मौजूद नहीं मिले। उनकी अनुपस्थिति में राहुल गुप्ता ने स्वयं को उनका पुत्र बताया।

निरीक्षण के समय फर्म परिसर में विशुनपुरा निवासी एक व्यक्ति से धान की खरीद भी की जा रही थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने फर्म परिसर और वहां मौजूद अलग-अलग दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 8,623 बोरी धान मिला, जिसका वजन 3,630.28 क्विंटल दर्ज किया गया। इसके अलावा 100 बोरी गेहूं का वजन 60 क्विंटल और चावल का कुल वजन 58.80 क्विंटल पाया गया।

अधिकारियों ने धान की 10 बोरियों का वजन कराकर भी जांच की। इसमें बोरियों का वजन अलग-अलग मिला और औसत वजन लगभग 42.1012 किलोग्राम दर्ज किया गया। जांच में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया कि फर्म के परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न मौजूद होने के बावजूद विभागीय ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक शून्य दर्ज था। इसके साथ ही मौके पर उपलब्ध खाद्यान्न के संबंध में छह-आर जारी नहीं किए जाने को लेकर भी अधिकारियों ने फर्म से स्पष्टीकरण मांगा है।


मंडी निरीक्षक श्यामनंदन साहनी और प्रभारी सचिव विनोद कुमार शर्मा ने फर्म के प्रोपराइटर को दो कार्यदिवस के भीतर मंडी समिति कार्यालय निचलौल में उपस्थित होकर संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने और उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर फर्म का लाइसेंस निलंबित करने सहित संबंधित अधिनियम के तहत विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल मंडी समिति की जांच में सामने आए भौतिक स्टॉक और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज शून्य भंडार के अंतर को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।