महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जारा गांव में लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने की घटना में 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली किशोर के पेट में लगी है। आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए BRD मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। फिलहाल किशोर का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर के पिता सशस्त्र सीमा बल (SSB) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल है। बताया जा रहा है कि किशोर अपने पिता की पिस्टल के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान लोडेड पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो उसके पेट में जा लगी।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल घायल किशोर को अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे BRD मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर घरों में रखे लाइसेंसी हथियारों की सुरक्षित रखरखाव और बच्चों की पहुंच से दूर रखने की आवश्यकता को सामने लाती है।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।