Maharajganj News: गांव में गंदगी मिलने पर DPRO श्रेया मिश्रा की कार्रवाई, सफाई कर्मचारी निलंबित; अधिकारियों को 3 दिसंबर तक का अल्टीमेटम

    25-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) श्रेया मिश्रा ने लक्ष्मीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत जंगल गुलरिहा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में जगह-जगह गंदगी, कूड़े के ढेर और जल निकासी की समस्या मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने ग्रामीणों से गांव की सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्होंने अपने गांव में तैनात सफाई कर्मचारी को कभी सफाई करते हुए नहीं देखा है। संयोग से शिकायत के दौरान संबंधित सफाई कर्मचारी मौके पर ही मौजूद था। ग्रामीणों की शिकायत और मौके पर मिली अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने उसके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की।

जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान गांव में नाली की मरम्मत और जल निकासी की समस्या भी प्रमुखता से सामने आई। इस पर डीपीआरओ ने संबंधित सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लेखपाल के साथ समन्वय स्थापित कर जल निकासी के लिए उपयुक्त स्थान और तकनीकी विकल्प निर्धारित करने को कहा। डीपीआरओ ने निर्देश दिया कि पाइपलाइन, यू-पाइप अथवा सोकपिट चेंबर जैसे विकल्पों का तकनीकी परीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

3 दिसंबर तक समाधान का निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट समयसीमा देते हुए 3 दिसंबर तक समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "3 दिसंबर तक मुझे इसका सॉल्यूशन चाहिए। अगर आपने समाधान नहीं दिया तो सारे गांव वालों के सामने कहकर जा रही हूं, आप लोग जिंदगी भर याद रखेंगे कि नौकरी क्या होती है।"

उन्होंने कंसल्टिंग इंजीनियर और ग्राम पंचायत सचिव को भी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो दोनों को इस ब्लॉक में रहने नहीं दूंगी।

स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी पर प्रशासन का जोर
जंगल गुलरिहा में हुई इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन की जवाबदेही का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं।

DPRO के औचक निरीक्षण में मिली कमियों और की गई कार्रवाई के बाद अब 3 दिसंबर की समयसीमा महत्वपूर्ण हो गई है। यह देखना होगा कि संबंधित अधिकारी निर्धारित अवधि में नाली मरम्मत और जल निकासी की समस्या का कितना प्रभावी समाधान कर पाते हैं।

फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।