महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जोगियाबारी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेला देखकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे लोगों के वाहन को सामने से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि 10 वर्षीय मासूम बच्ची सेजल शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा सवार लोग मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। अभी वे एकसड़वा से पहले ही पहुंचे थे कि इसी दौरान सामने से आ रही ब्रेजा कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
10 वर्षीय सेजल की हालत गंभीर
हादसे में 10 वर्षीय सेजल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए सिद्धार्थनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे में अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी मिली है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं, घायल बच्ची के परिजन उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।