Maharajganj News: सिसवा में बिजली व्यवस्था को लेकर राजन विश्वकर्मा ने जताया विरोध, 7 दिन में सुधार नहीं तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

    25-Nov-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार, महराजगंज।
नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की अनियमितता और खुले पड़े विद्युत ट्रांसफार्मरों से दुर्घटना की आशंका को लेकर समाजसेवी एवं एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

बुधवार को राजन विश्वकर्मा ने सिसवा विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर एसडीओ तुषार सिंह को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत ट्रांसफार्मर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना संचालित हो रहे हैं। ट्रांसफार्मरों के आसपास मजबूत सुरक्षा घेरा नहीं होने से राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से पहले भी विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति पर उठाए सवाल

राजन विश्वकर्मा ने नगर में बार-बार बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली की आवाजाही से व्यापारियों, दुकानदारों, उपभोक्ताओं और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने और समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।

सात दिनों की मोहलत, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने नगर के सभी असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मरों के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा बनवाने तथा बिजली आपूर्ति नियमित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

एसडीओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीओ तुषार सिंह ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के सुरक्षा घेरे क्षतिग्रस्त अथवा कमजोर हैं, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।

बिजली कटौती के संबंध में उन्होंने बताया कि शरद ऋतु के दौरान 33 केवी मेन लाइन पर आवश्यक तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य गर्मियों में लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं को कम करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से विभागीय कार्यों में सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग सात दिनों के भीतर ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर कितना प्रभावी कदम उठाता है।

रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।