नेपाल को मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी पाइपलाइन के लिए भारत से 100% अनुदान की उम्मीद, 131 किमी लंबी होगी परियोजना

    26-Nov-2026   
Total Views |

सोनौली/महराजगंज। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नेपाल सरकार ने प्रस्तावित मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी गैस पाइपलाइन परियोजना को भारत सरकार के शत-प्रतिशत अनुदान से पूरा कराने की पहल तेज कर दी है। करीब 25 से 30 अरब नेपाली रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना से नेपाल में रसोई गैस की आपूर्ति अधिक सुरक्षित, सुगम और किफायती होने की उम्मीद है। नेपाल आयल निगम ने इस संबंध में उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय के माध्यम से भारत सरकार से सहयोग मांगा है।


नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22 और 23 नवंबर 2026 को हुई भारत यात्रा के दौरान जारी संयुक्त वक्तव्य में भी सीमापार कनेक्टिविटी के तहत गैस पाइपलाइन निर्माण में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर सहमति बनी थी। संयुक्त वक्तव्य के बिंदु संख्या 16 में भारत और नेपाल के बीच पेट्रोलियम अवसंरचना के विस्तार के साथ गैस पाइपलाइन निर्माण में सहयोग तलाशने का उल्लेख है। इसी के बाद नेपाल ने पेट्रोलियम पाइपलाइन की तर्ज पर एलपीजी परियोजना के लिए भी भारतीय अनुदान प्राप्त करने की पहल आगे बढ़ाई है।


नेपाल आयल निगम के निदेशक विनीतमणि उपाध्याय के अनुसार, प्रस्तावित पाइपलाइन भारत के बिहार स्थित मोतिहारी से शुरू होकर नेपाल के सर्लाही तक पहुंचेगी। इसकी कुल लंबाई करीब 131 किलोमीटर प्रस्तावित है। योजना के तहत पाइपलाइन मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के मौजूदा मार्ग से पथलैया तक पहुंचेगी। इसके बाद पथलैया से सर्लाही तक करीब 60 से 62 किलोमीटर का नया विस्तार किया जाएगा।


परियोजना के तहत सर्लाही में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता का गैस भंडारण गृह बनाने की योजना है। इसमें 15 हजार मीट्रिक टन क्षमता के तीन टैंक स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिदिन 25 हजार सिलिंडर भरने की क्षमता वाला आधुनिक बॉटलिंग प्लांट बनाया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए प्रतिदिन 15 हजार सिलिंडर भरने की क्षमता वाला अलग केंद्र भी प्रस्तावित है।


डीपीआर तैयार करने पर चल रहा काम

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नेपाल आयल निगम और भारतीय आयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के बीच तकनीकी स्तर पर बातचीत चल रही है। दोनों संस्थानों के अधिकारी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके लिए जमीन की मिट्टी जांच रिपोर्ट और सर्वे से संबंधित दस्तावेजों का भी आदान-प्रदान किया जा रहा है। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की वास्तविक लागत, वित्तीय स्वरूप और निर्माण की आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।


फिलहाल नेपाल को भारत की विभिन्न रिफाइनरियों से टैंकरों के माध्यम से एलपीजी की आपूर्ति की जाती है। लंबी दूरी तक सड़क मार्ग से गैस पहुंचाने में परिवहन खर्च अधिक आता है। इसके अलावा सड़क जाम, दुर्घटनाओं और अन्य व्यवधानों के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।


ऐसे में मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी पाइपलाइन परियोजना पूरी होने पर नेपाल को गैस की आपूर्ति में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे टैंकरों पर निर्भरता घटेगी, परिवहन लागत में बचत होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में भी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।