आनंदनगर में रोजगार मेले का आयोजन, 50 से अधिक युवाओं को मौके पर मिले नियुक्ति पत्र

    26-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आनंदनगर स्थित परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 20 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लेकर अपने स्टॉल लगाए। जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार, 50 से अधिक युवाओं का मौके पर ही चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।


कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेले की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की पहल पर आयोजित यह रोजगार मेला बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इसका उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।


जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में 20 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से दो हजार से अधिक रिक्तियों के लिए स्टॉल लगाए गए थे। रोजगार पाने की उम्मीद में करीब पांच हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनमें से 50 से अधिक युवाओं का मौके पर ही चयन किया गया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इससे पहले महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने अतिथियों और रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों का स्वागत किया। कॉलेज की बीएड छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि कंचन, आरफा और अन्नू त्रिपाठी ने मां सरस्वती की वंदना की।


कार्यक्रम का संचालन श्री दयाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रवक्तागण डॉ. नईम, डॉ. कृष्ण कुमार, वंशदीप मौर्य, विंध्याचल चौरसिया, डॉ. मुरलीधर जायसवाल, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. अभिमन्यु शर्मा, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. पुष्पा पांडेय, अरुण सिंह, केपी सिंह, अश्वनी सिंह, जमुना निषाद, राजेश सिंह, कमलेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।