परिषदीय स्कूलों में खेल गतिविधियों की अब ऑनलाइन होगी निगरानी, "प्रेरणा पोर्टल" पर अपलोड करनी होगी फोटो-वीडियो

    26-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्पोर्ट्स ग्रांट के पारदर्शी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब जिले के सभी परिषदीय स्कूलों को अपनी खेल गतिविधियों की फोटो और वीडियो फुटेज प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इस व्यवस्था से विद्यालयों में होने वाली खेल गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी और स्पोर्ट्स ग्रांट के इस्तेमाल की भी पड़ताल हो सकेगी।


जनपद में करीब 1500 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग दो लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालयों में खेल गतिविधियां आयोजित करानी होंगी। इसके बाद खेलकूद में शामिल बच्चों की तस्वीरें और गतिविधियों का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।


बेसिक शिक्षा के सामुदायिक सहभागिता जिला समन्वयक दिव्य पांडेय ने बताया कि पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी के आधार पर विभागीय अधिकारी विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों की नियमितता और उपलब्ध खेल सामग्री के इस्तेमाल की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालयों का निरीक्षण कर खेल गतिविधियों और खेल सामग्री के वास्तविक उपयोग का जायजा लेंगे। इससे शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की जवाबदेही भी तय होगी।


दरअसल, परिषदीय विद्यालयों को प्रत्येक शैक्षिक सत्र में खेलकूद गतिविधियों के संचालन के लिए स्पोर्ट्स ग्रांट उपलब्ध कराई जाती है। इसके तहत प्राथमिक विद्यालयों को पांच हजार रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालयों (पूमावि) को 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। विभाग की नई व्यवस्था का उद्देश्य इस धनराशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के साथ ही बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल करना है।


अब प्रेरणा पोर्टल पर फोटो और वीडियो अपलोड होने से विद्यालयों में खेलकूद की गतिविधियों का रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा। इससे विभागीय स्तर पर यह निगरानी करना आसान होगा कि स्कूलों में खेलकूद के आयोजन नियमित रूप से हो रहे हैं या नहीं और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किस तरह किया जा रहा है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।