
महराजगंज। गड़ौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल में नए पेराई सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मिल परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बायलर पूजन किया गया। नारियल फोड़कर बायलर में अग्नि प्रवेश कराया गया और हवन के जरिए मिल के सफल संचालन की कामना की गई। हालांकि, नए सत्र के लिए अभी तक मिल को गन्ने का आवंटन नहीं हुआ है। ऐसे में मिल के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। बुधवार सुबह पंडित अमरनाथ उर्फ रामू दूबे ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। मुख्य यजमान के रूप में महाप्रबंधक इंजीनियरिंग विजय कुमार दीक्षित और महाप्रबंधक गन्ना विश्वामित्र सिंह ने पूजा में भाग लिया। बायलर पूजन के साथ ही मिल प्रबंधन ने पेराई सत्र शुरू करने की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
महाप्रबंधक इंजीनियरिंग विजय कुमार दीक्षित ने बताया कि 26 और 27 नवंबर को मिल में मास्टर ट्रायल कराया जाएगा। इसके बाद मिल गन्ने की पेराई के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन और संबंधित अधिकारियों का आदेश मिलते ही गन्ने की पेराई शुरू कर दी जाएगी। वहीं, मिल को अभी तक गन्ना आवंटित नहीं होने का मामला भी चर्चा में है। महाप्रबंधक गन्ना विश्वामित्र सिंह ने बताया कि गन्ना आवंटन को लेकर मिल प्रबंधन ने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फैसला मिल के पक्ष में आएगा। न्यायालय का आदेश मिलते ही चीनी मिल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बायलर पूजन के दौरान मिल इंजीनियर सीडी मिश्र, संतोष सिंह, बृजवासी सिंह, विजय विक्रम सिंह, जयनारायण यादव, स्टोर इंचार्ज विश्वजीत मिश्र, केमिस्ट अशोक, प्रखर, इंस्ट्रूमेंट विभाग के पंकज, शिवेश यादव, आनंद, शारदानंद यादव, अमला यादव, शिशुपाल, छोटई, सत्यनारायण, सुरेश, नीलेश राव, संजय मिश्र, यशवंत, आलोक कुमार, असिस्टेंट कैन मैनेजर अजय कुमार, कृष्णमोहन तिवारी, रामायण शर्मा और मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अब मिल प्रबंधन की निगाहें गन्ना आवंटन और न्यायालय के आदेश पर टिकी हैं। बायलर पूजन और मास्टर ट्रायल की तैयारी पूरी होने के बावजूद पेराई शुरू होने का रास्ता गन्ने की उपलब्धता और संबंधित आदेश मिलने के बाद ही साफ होगा।