
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कुइया ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग उठाई गई है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि मुहम्मद रिजवान ने जिलाधिकारी महराजगंज को पत्र सौंपकर पंचायती राज विभाग की योजना के तहत गांव में डिजिटल लाइब्रेरी एवं पुस्तकालय की स्थापना कराने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि कुइया एक छोटी ग्राम पंचायत है और यहां पंचायत का बजट काफी सीमित है। ऐसे में पंचायत निधि से पुस्तकालय का निर्माण और उसका संचालन कराना संभव नहीं हो पा रहा है। गांव के सैकड़ों विद्यार्थी, युवा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं उचित अध्ययन सामग्री, पुस्तकों और शांत वातावरण के अभाव में परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण हर परिवार के लिए बच्चों को शहर भेजकर पढ़ाई कराना आसान नहीं है। पत्र में प्रधान प्रतिनिधि ने उत्तर प्रदेश शासन के पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ कुइया ग्राम पंचायत को मिलने से गांव के बच्चों और युवाओं को पुस्तकें, अध्ययन सामग्री, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
मुहम्मद रिजवान ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में पुस्तकालय संचालन के लिए उपयुक्त कक्ष उपलब्ध है। ऐसे में अलग से भवन निर्माण की आवश्यकता के बिना उपलब्ध स्थान का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर गांव में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराने की दिशा में पहल करने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गांव में ही बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिल सकें।