शिकायत के बाद महिला अस्पताल पहुंची सीएमओ की जांच टीम, ओपीडी से लेकर लेबर रूम और पीएनसी वार्ड तक की पड़ताल

    26-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। महिला अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर मिली शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। बुधवार को सीएमओ की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी रजिस्टर की जांच करने के साथ ही लेबर रूम और पीएनसी वार्ड में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों तथा मरीजों से पूछताछ की गई। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलवा टीकर निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को शिकायती पत्र देकर महिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। इसी क्रम में बुधवार को एसीएमओ डॉ. एमडब्ल्यू खान, डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरजलाल कन्नौजिया और डॉ. एमक्यू लारी महिला अस्पताल पहुंचे। जांच टीम ने सबसे पहले ओपीडी में डॉक्टरों के रजिस्टर का निरीक्षण किया।

इसके बाद चिकित्सकों से ओपीडी संचालन और मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद टीम लेबर रूम पहुंची, जहां सामान्य प्रसव से जुड़ी व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। स्टाफ नर्सों से यूविन पोर्टल और मंत्रा ऐप पर रिपोर्ट अपलोड करने की प्रक्रिया के बारे में भी पूछताछ की गई। जांच टीम ने पीएनसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। यहां भर्ती प्रसूताओं से नवजात शिशुओं के टीकाकरण, भोजन और नाश्ता मिलने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। टीम ने मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल मैनेजर डॉ. अंबर इस्लाम हक, प्रभारी प्रशासक डीपी यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।