महराजगंज में शिक्षकों की पदोन्नति के लिए 27 और 28 नवंबर को काउंसलिंग, 1554 शिक्षकों की होगी पात्रता जांच

    26-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अनंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर पात्र शिक्षकों के अभिलेखों की जांच के लिए 27 और 28 नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने 25 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।


उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा नियमावली 1981 के अद्यतन संशोधन के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति के लिए अनंतिम वरिष्ठता सूची तैयार की गई है। इसी सूची के आधार पर कुल 1554 शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। 27 नवंबर को ज्येष्ठता क्रमांक एक से 775 तक और 28 नवंबर को 776 से 1554 तक के शिक्षकों की पात्रता जांच होगी। काउंसलिंग सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगी। निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों की पदोन्नति पर विचार नहीं किया जाएगा।


काउंसलिंग में शामिल होने वाले शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र, स्वघोषणा पत्र, टीईटी उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण मुक्ति आदेश, पदोन्नति आदेश और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण आदेश साथ लाना होगा। इसके अलावा स्पेशल टीईटी 2026 का ऑनलाइन प्रमाण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी मूल अभिलेख और उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी।


विभाग की ओर से दोनों दिनों के लिए अलग-अलग ज्येष्ठता क्रमांक के अनुसार अधिकारियों और डायट प्रवक्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। 27 नवंबर को ज्येष्ठता क्रमांक एक से 155 तक बीईओ सिसवा उदय चन्द राय और डायट प्रवक्ता मनीष प्रजापति, 156 से 310 तक बीईओ पनियरा अमितेश कुमार और डायट प्रवक्ता दिव्या गुप्ता, 311 से 465 तक बीईओ बृजमनगंज राजेश कुमार और डायट प्रवक्ता पूजा चौधरी अभिलेखों की जांच करेंगे। इसी दिन 466 से 620 तक बीईओ सदर अजीत कुमार सिंह और डायट प्रवक्ता सूरज कुमार मिश्रा तथा 621 से 775 तक बीईओ निचलौल अमितेश कुमार चौहान और डायट प्रवक्ता डॉ. अरशद जमील को अभिलेखीय जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


वहीं, 28 नवंबर को ज्येष्ठता क्रमांक 776 से 930 तक उदय चन्द राय और मनीष प्रजापति, 931 से 1085 तक अमितेश कुमार और दिव्या गुप्ता, 1086 से 1240 तक राजेश कुमार और पूजा चौधरी तथा 1241 से 1395 तक अजीत कुमार सिंह और सूरज कुमार मिश्रा अभिलेखों की जांच करेंगे। जबकि 1396 से 1554 तक के शिक्षकों की जांच अमितेश कुमार चौहान और डॉ. अरशद जमील करेंगे। वरिष्ठता सूची को लेकर किसी शिक्षक को आपत्ति होने पर वह काउंसलिंग के दौरान अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। इसके निस्तारण के लिए गठित समिति निर्णय लेगी। आपत्ति निवारण प्रकोष्ठ में बीईओ फरेंदा कुंवर विक्रम पाण्डेय की ड्यूटी लगाई गई है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।