
महराजगंज। शहर के सक्सेना नगर मोहल्ले में सड़क और जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए 36.50 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत प्रस्तावित इस निर्माण कार्य से मोहल्ले के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ ही बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका की ओर से सक्सेना नगर में विकास कार्य की योजना तैयार की गई है। इसके तहत मोहल्ले में सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा और सड़क के किनारे नाली बनाई जाएगी। नाली निर्माण से पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से स्थानीय लोगों को निजात मिल सकेगी।
निर्माण कार्य के लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर पालिका का कहना है कि निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा मिल सके। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत सक्सेना नगर में 36.50 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।