
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर गोरखपुर मार्ग स्थित मां दुर्गा ऑटो सेल्स एवं सर्विस की दुकान में गुरुवार शाम करीब सात बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखे नए स्कूटर, इलेक्ट्रॉनिक टेंपो, बैटरियां, टायर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दुकान के मालिक राज जायसवाल निवासी ग्राम फरेंदा गुरुवार को दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग से करीब 15 नए स्कूटर, आठ इलेक्ट्रॉनिक टेंपो, दर्जनों नई बैटरियां, सैकड़ों नए टायर और अन्य पार्ट्स जलकर नष्ट हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के अंदर एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से तेज धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर फटने की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वहीं, आग बुझाने के प्रयास के दौरान बगल के दुकानदार विनोद के सिर में चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अनीश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस संबंध में चौकी प्रभारी अनीश सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।