
महराजगंज। सड़क हादसे में घायल होकर सड़क पर पड़े एक व्यक्ति के लिए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील टिबड़ेवाल मददगार बनकर सामने आए। नक्शा बक्सा गांव में आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय रास्ते में घायल व्यक्ति को देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की मदद से घायल को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया और उसके उपचार की व्यवस्था कराई।
जानकारी के अनुसार, बकुलडीहा निवासी रामरतन साहनी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और सड़क पर पड़े थे। इसी दौरान कार्यक्रम से लौट रहे सुशील टिबड़ेवाल की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए वाहन रुकवाया और कार्यकर्ताओं के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी निचलौल में चिकित्सकों ने रामरतन साहनी का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद सुशील टिबड़ेवाल जिला अस्पताल भी पहुंचे और चिकित्सकों से मुलाकात कर घायल के स्वास्थ्य तथा उपचार की स्थिति की जानकारी ली। हादसे के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उसके बेहतर उपचार की जानकारी लेने के लिए सुशील टिबड़ेवाल की इस पहल को मानवीय संवेदनशीलता के तौर पर देखा जा रहा है।