Maharajganj News: कोल्हुई बाजार में सड़क पर फैल रहा नाले का गंदा पानी, दुर्गंध और गंदगी से लोग परेशान

    28-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज।
जिले के कोल्हुई बाजार में नौतनवां रोड के पश्चिम तरफ बने पक्के नाले का गंदा पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क पर जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है और आसपास दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

दुकानों के सामने मिट्टी डालकर बना रहे रास्ता

नाले का पानी सड़क पर फैलने के कारण स्थानीय दुकानदारों और निवासियों को अपने घरों व दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। स्थिति यह है कि लोग अपने घरों और दुकानों के सामने मिट्टी डालकर आने-जाने के लिए रास्ता बना रहे हैं। इसके बावजूद राहगीरों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

नाले की नियमित सफाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई नहीं होती है और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। इसी वजह से नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। लगातार गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।

स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग

स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से नाले की जल्द सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी सफाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि सड़क पर दोबारा गंदा पानी जमा न हो और राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।