
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटईडीहा में आज सुबह खाना बनाते समय निकली चिंगारी से एक खपरैल मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में एक महिला को हल्की चोट आई, जबकि तीनों घरों में रखा अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में आए तीन मकानजानकारी के अनुसार, बटईडीहा गांव में सुबह खाना बनाते समय निकली चिंगारी से रहमत अली के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और आसपास स्थित दो अन्य मकानों तक पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि एक खपरैल मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में एक महिला को हल्की चोट आई।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, आग बुझने तक घरों में रखा गेहूं, चावल, कपड़े और अन्य कीमती घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।
पुलिस ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालाइस संबंध में जोगियाबारी चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रहमत अली के घर में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।