
महराजगंज। दुष्कर्म के एक मामले में अदालत से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज महिला शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरने पर बैठ गई। महिला ने कोतवाली पुलिस पर आरोपी को बचाने और जानबूझकर गिरफ्तारी में देरी करने का आरोप लगाया। करीब ढाई बजे सदर सीओ अंकुर गौतम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला ने धरना समाप्त कर दिया।
2023 में दर्ज कराया था दुष्कर्म का मुकदमामहिला के अनुसार, उसने वर्ष 2023 में सदर में तैनात उपनिबंधक और शैलेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देश पर एससी-एसटी कोर्ट ने आरोपी शैलेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। इसके बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और वर्तमान में गोरखपुर में इंपीरियल फ्रेश बिल्डिंग के पास रह रहा है। उसके ठिकाने की जानकारी होने और अदालत से वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर महिला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
तीन घंटे इंतजार के बाद भी नहीं हुई मुलाकात
शुक्रवार को महिला अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरने पर बैठ गई। शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही।
महिला का आरोप है कि उसने इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ से भी मुलाकात की थी, लेकिन वहां से भी उसे केवल आश्वासन मिला। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से मिलने के लिए करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद उसकी मुलाकात नहीं हो सकी।
मुख्यमंत्री आवास पर धरने की दी चेतावनी
महिला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री आवास पर धरना देने के लिए मजबूर होगी। करीब ढाई बजे सदर सीओ अंकुर गौतम महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने महिला को समझाते हुए जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद महिला ने अपना धरना समाप्त कर दिया।