
बॉलीवुड। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी भरे फोन कॉल और ऑडियो मैसेज भेजने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दोनों अभिनेताओं को धमकी देने के आरोप में वैभव मिश्रा नाम के एक युवक को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी वैभव मिश्रा बॉलीवुड कलाकारों और कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज भेज रहा था। वह खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर लोगों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगता था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई या उसके गिरोह से किसी तरह का संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अभिनेता तुषार कपूर को एक धमकी भरा ऑडियो वॉयस नोट भेजा गया था। इसमें उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने धमकी देने वाले की आवाज और हैरी बॉक्सर की आवाज का मिलान किया। जांच में आरोपी के रूप में वैभव मिश्रा की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।
तुषार कपूर के बाद अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। आरोप है कि वैभव मिश्रा ने उन्हें भी खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की थी। धमकी मिलने के बाद आयुष्मान खुराना ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने अब तक किन-किन लोगों को धमकी दी और इस तरह की गतिविधियों में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।