
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहुआर चौकी पुलिस और एसएसबी झुलनीपुर की संयुक्त टीम ने बुधवार को गेड़हवा पुल के पास एक पिकअप को पकड़ा। पिकअप पर 75 बोरी कद्दू का बीज लदा हुआ था। जांच में सामने आया कि बीज नेपाल से नाव के जरिए नारायणी नदी के रास्ते टेल फॉल तक लाया गया था। इसके बाद पिकअप में लादकर कुशीनगर भेजा जा रहा था। पुलिस ने पिकअप को सीज कर कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहुआर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता, एसआई कपिल प्रजापति, कांस्टेबल रामाशीष यादव और शुभम वर्मा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एसएसबी झुलनीपुर के एसआई सामान्य रविन्द्र कुमार यादव भी अपनी टीम के साथ मौजूद थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में कद्दू का बीज लादकर टेल फॉल से तेरह चार पुल की तरफ ले जाया जा रहा है। इसे आगे कुशीनगर पहुंचाने की योजना है। सूचना से एसएसबी पथलहवा के निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय को भी अवगत कराया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने गेड़हवा पुल के पास घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से एक पिकअप आती दिखाई दी। टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम हैदर अली निवासी खैरहवा दूबे, थाना परसामलिक बताया। उसने जानकारी दी कि पिकअप में 75 बोरी कद्दू का बीज लदा है और इसे कुशीनगर ले जाया जा रहा है। प्रत्येक बोरी का वजन 40 किलोग्राम बताया गया।
पिकअप में लदी 75 बोरियों का कुल वजन करीब 3000 किलोग्राम यानी तीन टन बताया गया है। बहुआर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि कद्दू का बीज लदे पिकअप को सीज कर दिया गया है। मामले में कस्टम एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमा पार अवैध तरीके से सामान लाने-ले जाने वालों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता सामने आई है।