लक्ष्मीपुर के पैसिया एकमा-खोरिया बाजार मार्ग को मिली मंजूरी, 28.05 करोड़ रुपये से होगा 11.30 किमी सड़क का निर्माण

    04-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जनपद के लक्ष्मीपुर विकासखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से बदहाल पड़े पैसिया एकमा से खोरिया बाजार मार्ग के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों के बाद करीब 11.30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 28.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लक्ष्मीपुर, खोरिया बाजार और नौतनवा ब्लॉक तक आवागमन करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


नौतनवा तहसील के लक्ष्मीपुर विकासखंड में पड़ने वाला पैसिया एकमा मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। इस मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीण वर्षों से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे। सामान्य दिनों में लोग किसी तरह आवागमन कर लेते थे, लेकिन बरसात के मौसम में सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती थी कि लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।


नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास से जुड़े कई कार्य वर्षों से लंबित थे। अब एक-एक कर आम जनता की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में क्षेत्र का लगातार विकास हो रहा है। विधायक ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि लक्ष्मीपुर ब्लॉक के पैसिया एकमा मार्ग के करीब 11.30 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। इससे दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी।


लक्ष्मीपुर और नौतनवा ब्लॉक को जोड़ने वाला यह नहर मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा था। सड़क का निर्माण होने से लक्ष्मीपुर, पैसिया ललाइन, लक्ष्मीपुर कैथवलिया, पिपरा सोहट चौराहा, बकैनिया हरैया, बेलवा, करेलिया, भैंसहिया चौराहा, बैरवा चंदनपुर, सिरसिया चौराहा और खोरिया बाजार सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा रतनपुर तक आवागमन करने वाले लोगों का सफर भी पहले की अपेक्षा आसान और सुविधाजनक हो सकेगा।


इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से न केवल ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या दूर होगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। वर्षों से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों में शासन से मंजूरी मिलने के बाद खुशी की उम्मीद है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।