
महराजगंज। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर देश की जनता को गुमराह करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन का रास्ता मतपेटी से होकर गुजरता है, न कि अराजकता का माहौल बनाकर।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं के बयानों से उनकी मंशा उजागर हो रही है। कोई सत्ता परिवर्तन की बात कर रहा है तो कोई बांग्लादेश की घटनाओं से प्रेरणा लेने की बात कह रहा है। भारत में शासन व्यवस्था लोकतांत्रिक सिद्धांतों और संविधान के अनुसार ही चलेगी। पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा देश की जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से पदयात्रा निकाल रही है। इस अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता को जागरूक करना जरूरी है।
सपा नेता एसटी हसन के भगवान श्रीराम के जन्मस्थान को लेकर दिए गए बयान पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं की ओर से इस तरह के बयान पहली बार नहीं दिए जा रहे हैं। कोई भगवान श्रीराम के जन्मस्थान का प्रमाण मांगता है तो कोई सनातन धर्म के पवित्र मंत्रों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव से जुड़े नेताओं के बयानों से विपक्ष का वास्तविक चरित्र और मंशा सामने आ रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब जनता ऐसे बयानों का जवाब मतदान के माध्यम से देगी तो विपक्षी नेता फिर से वोट चोरी का आरोप लगाने लगेंगे। उन्होंने दोहराया कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था सर्वोपरि है और सत्ता परिवर्तन का अधिकार केवल जनता के पास है, जिसका इस्तेमाल वह मतदान के जरिए करती है।