Maharajganj News : डॉलर की लालच बनी मुसीबत ! जिले के युवक ने कुछ यूँ गवाए 20 अपने लाख, पढ़िए डिटेल्स

01 Feb 2026 11:57:46

महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा सोनाड़ी निवासी युवक के साथ बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस युवक ने रुपये को डॉलर में बदलने के चक्कर में 20 लाख रुपये गवां दिए। मामले में साइबर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुंबई के रहने वाले आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पीड़ित ऋषिकेश पटेल निवासी पिपरा सोनाड़ी ने बताया कि वह दोस्त दुर्गेश पटेल निवासी बरवा विद्यापति थाना सदर कोतवाली के साथ मिलकर स्वावेन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी चलाते हैं। यह कंपनी जनपद में ही स्थित भी है। कंपनी यूपीआई, पेमेंट गेटवे के माध्यम से आम लोगों को सेवाएं भी प्रदान करती है। उन्हें अमेरिका घूमने जाना था।

इस वजह से सोचा कि रुपये की जगह डॉलर साथ ले जाने पर परेशानी नहीं होगी। इसलिए दोस्त दुर्गेश से बातचीत कर रुपये को डॉलर में बदलने की योजना बनाई। बातचीत में दोस्त दुर्गेश ने मुंबई के रहने वाले पूर्व परिचित यूसूफ मलिक के बारे में बताया।

यह भी पढ़ें : सहालग के पहले मिलावटी खेल शुरू ! महराजगंज में दूध-पनीर माफिया फिर एक्टिव

बातचीत के बाद 2 जनवरी 2026 को दोस्त दुर्गेश के पूर्व परिचित यूसुफ मलिक निवासी बिल्डिंग नंबर 55, मेमोन वाडा स्ट्रीट, मोहम्मदी बिल्डिंग, 6वीं मंजिल, फ्लैट 602, मोहम्मद अली रोड, मुंबई के उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 20 लाख भेज दिए।

रकम भेजने के बाद जब डॉलर देने की बारी आई तो यूसूफ मलिक ने बातचीत करना बंद कर दिया। कई बार बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उसका मोबाइल बंद हो गया। परेशान होकर मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराया।

साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव के अनुसार मामले में आरोपी यूसूफ मलिक निवासी मुम्बई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




Powered By Sangraha 9.0