Maharajganj News : रात में घर के लिए निकला स्वर्ण व्यवसायी… सुबह पुल पर मिली लाश! बाइक पास में, कपड़े गायब

    10-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार के निकट डूडी नदी पुल पर मंगलवार को उस समय लोगों में हड़कंप मच गया जब एक स्वर्ण व्यवसायी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा सीओ अंकुर गौतम व एसओ पुरुषोत्तम राव टीम के साथ पहुंच गए। जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुलाई गर्ठ। परिजनों की चीख पुकार मच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान अजय वर्मा निवासी ग्राम पकडियहवा थाना मुहाने जिला सिद्धार्थ नगर के रूप में हुई है। फिलहाल वह नौतनवा के बेलभार में स्थित ससुराल में मकान बनाकर रह रहा था। पास के ही चौराहे चकदह में आभूषण की दुकान चलाता था।

व्यवसायी अजय वर्मा अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल के पास बने मकान में ही रहता था। सोमवार की शाम आभूषण की दुकान को बंद कर घर आया और पास में ही स्थित ससुराल में खाना खाने के लिए गया। कुछ देर बाद वह वहां से घर जाने को कहकर निकल गया, लेकिन घर नहीं लौटा।


सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटनास्थल के कुछ दूरी पर ही उसकी पल्सर बाइक भी पड़ी मिली है। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि अजय वर्मा रात में जिस कपड़े में खाना खाने आया था, वह कपड़ा उसकी शरीर पर नहीं मिला है। कोई ना कोई साजिश जरूर हुई है।

परिजनों की आशंका के बाद पुलिस ने भी जांच पड़ताल का दायरा बढ़ा दिया है। फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य को एकत्रित किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताकि घटनाक्रम के कुछ सत्यता सामने आए और मामले का खुलासा जल्द से जल्द हो सके।

थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची गई। बाइक भी पास में ही बरामद हुई है। फिलहाल फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।