Maharajganj News : शिवरात्रि पास आते ही बदला रोडवेज का रूट, लोकल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

    10-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
महाशिवरात्रि करीब आते ही एक बार फिर जनपद से श्रद्धालुओं को लेकर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया है। स्टेशन के साथ पनियरा और सिसवा से कुल पांच बसें बाहर भेजे जाने के कारण लोकल रूट पर यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

महराजगंज डिपो के पास अनुबंधित मिलाकर कुल 76 रोडवेज बसें हैं। प्रयाग माघ मेला में बसों को ले जाने का क्रम जनवरी से बना हुआ है। मकर संक्रांति व बसंत पंचमी के लगभग में रोडवेज बसों के प्रयाग जाने से लोकल रूट पर दिक्कत बढ़ी थी लेकिन उस समय सहालग पर विराम था।


इस वजह से यात्रियों की संख्या लोकल रूट पर बहुत अधिक नहीं थी। लेकिन महाशिवरात्रि स्नान से पहले सहालग शुरू होने से लोकल यात्री अधिक निकल रहे हैं। पर्याप्त रोडवेज बसों के न होने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्री मजबूरी में व्यावसायिक वाहनों से सफर कर रहे हैं।

जरूरत पर नहीं मिलती बस

सोमवार दोपहर बस स्टेशन पर अजय वर्मा, संतोष चौधरी ठूठीबारी के लिए बस का इंतजार करते मिले। इन लोगों ने बताया कि एक घंटे से ठूठीबारी के लिए कोई बस नहीं गई। शादी कार्यक्रम में जाना है लेकिन लगता कि समय से नहीं पहुंच सकेंगे।

मोनू पांडेय व राजमन पनियरा के लिए इंतजार कर रहे थे। दोनों ने बताया कि पूछताछ केंद्र से बताया गया है कि उस रूट की बस आएगी तब यहां से सीधे पनियरा के लिए बस मिलेगी। 40 मिनट से उस रूट पर कोई बस नहीं गई।