Maharajganj News : क्रिकेट खेल रहा था 12 साल का दिलीप ! अब इस वजह से है अस्पताल में भर्ती
10-Feb-2026
Total Views |
ठूठीबारी। खेल के मैदान में मासूमियत उस वक़्त दहशत में बदल गयी जब क्रिकेट खेल रहे एक नाबालिक लड़के की कुछ लोगों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने बरगदवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे लाठी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर निवासी विमला देवी ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र दिलीप गौतम गांव के पास नदी किनारे स्थित चारागाह की सार्वजनिक भूमि पर अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था।
इसी दौरान गांव के ही मिथिलेश यादव से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि इसके बाद कलमनाथ यादव लाठी लेकर मौके पर पहुंचा।
कलमनाथ यादव पर नाबालिग दिलीप के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने और बेरहमी से लाठी से पिटाई करने का आरोप है। इस हमले में बालक को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता विमला देवी ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए बरगदवा थाने में लिखित तहरीर दी है।
इस संबंध में बरगदवा थाना अध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।