Maharajganj News : खेत में नहीं हुआ काम, फिर कैसे निकले 1.64 लाख? मनरेगा भुगतान पर उठे बड़े सवाल
11-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। परतावल क्षेत्र के ग्राम पंचायत अन्ध्या में मनरेगा योजना के तहत कथित फर्जी भुगतान का मामला सामने आते ही प्रशासनिक हलके में हलचल मच गयी है। खेत में समतलीकरण व मेड़बंदी का कोई कार्य न होने के बावजूद सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए एक महिला शपथ पत्र के साथ डीएम से जांच की मांग की गई है।
अन्ध्या निवासी एक महिला ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके खेत में मनरेगा के अंतर्गत न तो समतलीकरण हुआ और न ही मेड़बंदी का कोई कार्य कराया गया, इसके बावजूद 1 लाख 64 हजार 556 रुपये का भुगतान किया गया है।
आरोप है कि यह भुगतान पूरी तरह फर्जी है और इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। शिकायती पत्र में संबंधित भुगतान का आईडी नंबर भी अंकित किया गया है व भुगतान से जुड़े साक्ष्य संलग्न करने का दावा किया गया है।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि यह शिकायत सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद परतावल ब्लॉक के अधिकारी व कर्मी सक्रिय हुए। टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि शिकायत करने वाली महिला टीम के सामने जांच से मुकर गइ। मनरेगा सेल अब पूरे प्रकरण की स्थलीय जांच कराने की तैयारी में है। जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
परतावल ब्लाक के अन्ध्या गांव में मनरेगा से फर्जी भुगतान का सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायती पत्र मिलते ही परतावल ब्लॉक से टीम मौके पर भेजी गई थी। महिला शिकायत से मुकर गई। मामला गंभीर है। इसकी स्थलीय जांच कराई जाएगी। जांच में यदि बिना कार्य कराए फर्जी भुगतान की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।