Maharajganj News : मेडिकल स्टोर बने 'मुन्नाभाई का इलाजघर' ! इंजेक्शन के बाद महिला की मौत से खुली पोल
12-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में अवैध अस्पतालों में ही नहीं बल्कि मेडिकल स्टोर्स पर भी मुन्ना भाई इलाज करते नज़र आ रहे हैं। दवा बेचने तक सीमित रहने वाले संचालक खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। डॉक्टर की जगह अस्पताल में काम करने वाले कर्मी मरीज को मौत के मुंह में डाल रहे हैं।
मेडिकल स्टोर संचालक भी खुद डॉक्टर बन बैठे हैं। जबकि, उनका काम सिर्फ दवा की बिक्री का है। विभाग की कार्रवाई के बाद भी मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
बीते दिन कटहरी बाजार शीतलापुर गांव की सुभावती (55) की मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई थी। यहां गांव के चौराहे पर मेडिकल स्टोर संचालित है। गांव के लोगों को छोटी मोटी बीमारी का इलाज इन्ही मेडिकल स्टोर पर ही हो जाता है। कटहरी के जितेंद्र कहते हैं की दवा के बारे में जानकारी रखने वाले अपने आप को किसी से डाॅक्टर से कम नहीं समझते हैं। क्षेत्र में लोग इनको डाॅक्टर साहब ही कह कर बुलाते हैं।
गांव के बहादुर यादव ने बताया कि गांव से पीएचसी जहदा करीब तीन किमी दूर है। सिसवा सीएचसी सात किमी तो निचलौल सीएचसी 12 किमी की दूरी पर है। कुछ खास दूरी नहीं है। सरकारी अस्पतालों में दवा मुफ्त मिलने के साथ ही योग्य डॉक्टर इलाज करते हैं, लेकिन गांव में गली चौराहों पर काम करने वाले झोला छाप लोगोंं को गुमराह करते हैं। उनको सरकारी अस्पताल में बेहतर सुविधा नहीं होने की बात कर जाल में फंसा लेते हैं।
बीमारी कोई भी हो ग्लूकोस चढ़ाना तत्काल शुरू कर देते हैं। गांव के सीधे साधे लोग समझ नहीं पाते हैं। अंत में उनको अपनी जान गंवानी पड़ती है। सुभावती के मौत के बाद से ही मेडिकल स्टोर बंद है। संचालक का पता नहीं है। मृतका के घर वालों की ओर से कोठीभार थाने में तहरीर देने के बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।