Maharajganj News : यू-टर्न बना जानलेवा! तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने मारी टक्कर और मकान में घुसी कार ने तीन को किया घायल
12-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। गोरखपुर महराजगंज मार्ग पर तरकुलवा फैक्ट्री के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे से अफरातफरीका माहौल बन गया। यू-टर्न ले रही एक कार को एक तेज रफ़्तार फॉर्च्यूनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गयी और फॉर्च्यूनर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों को इलाज के लिए परतावल सीएचसी भिजवाया गया। परतावल स्थित एक मोटर ड्राइविंग सेंटर का चालक आलम हुसैन अपनी ऑल्टो 800 कार से यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसकी कार को टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर तरकुलवा निवासी अख्तियार के मकान में घुस गई। हादसे में मकान का शटर और पिलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घर को काफी नुकसान हुआ।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में आलम हुसैन के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, वहीं साथ बैठे शाहरुख के सीने में चोट आई है। फॉर्च्यूनर चालक भी घायल हुआ है। भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि घायलों को ईलाज के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।