Maharajganj News : सरहद के साए में ‘ब्राजील कनेक्शन’! नेपाल से बोरी-बोरी मक्का पार, मंडियों तक पहुंच रहा अवैध खेल
12-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत नेपाल सीमा पर इन दिनों विदेशी मक्का की तस्करी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल से बोरी भरकर ब्राज़ील का मक्का सरहद पार हो रहा है। कैरियर इसे सरहद के पास अवैध गोदाम में गोदामों में कर रहे हैं। इसके बाद भारतीय महानगरों में भेज रहे हैं। बीते दिन सुरक्षा कर्मियों ने 19 बोरा मक्का बरामद किया था। बीते तीन माह में कई बार बरामदगी हो चुकी है।
सीमावर्ती क्षेत्र से बीते दिनों एसएसबी ने मक्का बरामद किया है। जो नेपाल से लेकर एक बाजार के पास डंप किया गया था और रात में भारत के महानगर की मंडी जा रहा था। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से बरामदगी हुई। हैरानी की बात है कि कड़ी चौकसी के बाद भी आसानी से तस्करी का समान सरहद पार हो रहा है।
सूत्रों की माने तो सीमावर्ती गांव में तस्करों ने अवैध गोदाम बना रखा है, जहां नेपाल से साइकिल और नेपाली बाइक से लाकर डंप किया जाता है। बड़े वाहनों पर लोड कर गोरखपुर और कानपुर मंडी भेज दिया जाता है। मंडी में पहुंचने पर ब्राजील के मक्के की पहचान संभव नहीं हो पाती है, जिसके कारण यह आसानी से खप जाता है।
बरामदगी बता रही है कि भारत-नेपाल सरहद पर इन दिनों धंधेबाज ब्राजील के मक्के को नेपाल से भारतीय इलाकों में पहुंचा रहे हैं। बाॅर्डर पर इस धंधे को कैरियर और पिकअप की मदद से अंजाम दिया जा रहा है। क्योंकि नेपाल में जहां ब्राजील के मक्के की कीमत वर्तमान में 15 से 20 रुपये है। वहीं ब्राजीली मक्का भारतीय इलाके में पहुंचते ही 40 से 50 से रुपये किलो हो जाता है। जबकि भारतीय मक्के की कीमत 26 रुपये है। लेकिन दिखने में सुंदर और सस्ते के कारण ब्राजील के मक्कों को भारत मे तस्करी के जरिए मंगवाया जा रहा है।
भारत और नेपाल के बाजारों में खाद्य सामग्री के मूल्य में लगातार उतार चढ़ाव होता रहता है। इस पर दोनों देशों में बैठे धंधेबाजों की नजर बनी रहती है। ऐसे में इन दिनों दोनों देशों के बाजार में ब्राजील मक्के की कीमत में काफी अंतर है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र से लेकर झुलनीपुर तक कई पगडंडी वाले रास्ते हैं। जहां पर अवैध रास्ते बना कर तस्करी हो रही है। सोनौली कोतवाली के फरेंदी तिवारी, तिलहवा, खनुवा, श्यामकाट, भगवानपुर, जोगियाबारी, सुंडी, बरगदवा, परसा मलिक, ठूठीबारी आदि पगडंडी कैरियर सरहद पार होते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया की प्रत्येक हलचल पर नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र के कड़ी निगरानी की जा रही है।