Maharajganj News : सर्राफ की रहस्यमयी मौत पर बवाल ! शव घर पहुंचते ही सड़क जाम, परिजनों को हत्या का शक

    12-Feb-2026
Total Views |

नौतनवा। थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार गांव में बुधवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब सर्राफ अजय वर्मा का शव घर पहुंचते ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अड्डा बाजार–संपत्तिहा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

सूचना मिलते ही अड्डा बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव और सीओ अंकुर गौतम पुलिस बल के साथ पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत और आश्वासन के बाद परिजन जाम हटाने पर राजी हुए, तब जाकर आवागमन बहाल हो सका।


जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र के पकड़ियहवा गांव निवासी अजय वर्मा का शव मंगलवार सुबह करीब आठ बजे डूडी नाले के पास एक निर्माणाधीन राइस मिल के निकट मिला था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया था। देर शाम शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और बुधवार सुबह कार्रवाई की मांग को लेकर मार्ग जाम कर दिया।

बताया जाता है कि महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार में अजय वर्मा का ससुराल है। वह बेलभार में निजी मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। चकदह गांव में उनकी ज्वैलरी की दुकान भी है।

मृतक की पत्नी संध्या वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे अजय वर्मा ससुराल से खाना खाकर अपने बेलभार स्थित मकान पर सोने गए थे। मंगलवार सुबह राइस मिल के पास उनका शव मिला। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति पर हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। तहरीर प्राप्त हुई है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी।