Maharajganj News : मनरेगा में ‘कागजी विकास’ का खेल? बिना काम लाखों का भुगतान, जांच से सामने आएगा सच
12-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। परतावल ब्लॉक के अंतर्गत मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता व फर्जी भुगतान का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत अन्ध्या सहित करीब एक दर्जन गांवों में बिना कार्य कराए लाखों रुपये के बंदरबांट का आरोप लगा है।
मामला तब सुर्खियों में आया जब अन्ध्या निवासी एक महिला ने शपथ पत्र के साथ डीएम से शिकायत की कि उनके खेत में बिना समतलीकरण और मेड़बंदी हुए ही 1 लाख 64 हजार 556 रुपये का फर्जी भुगतान निकाल लिया गया। क्षेत्र के बुधिरामपुर, धनहा नायक, हरपुर तिवारी, सोहसा बांसपार जैसी पंचायतों में भी मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम से बचते हुए कागजों पर काम दिखाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की बात सामने आई है।
गांवों में फसल की स्थिति और भुगतान के आंकड़ों में विसंगति भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह के निर्देश पर बीडीओ संतोष कुमार यादव ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इसमें एपीओ, एडीओ आईएसबी व अवर अभियंता को शामिल किया गया है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है। डीसी मनरेगा गौरवेन्द्र सिंह का कहना है कि यदि स्थलीय जांच में दोष सिद्ध होता है, तो संबंधित सचिव, तकनीकी सहायक व रोजगार सेवकों पर कार्रवाई की जाएगी।