Maharajganj News : पेट के कीड़ों पर बड़ा वार! एक ही दिन में 1 लाख से ज्यादा बच्चों को खिलाई गई दवा
13-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई।
स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पहले चरण में कुल 1,10,600 बच्चों एवं किशोरों को दवा का सेवन कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नवनाथ प्रसाद के निर्देशन में जनपद के सभी ब्लॉकों में दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। बताया कि जिले में कुल 15 लाख 5 हजार बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में लगभग 3000 विद्यालयों और 3131 आंगनबाड़ी केंद्रों का चयन किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश द्विवेदी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमों का गठन किया गया है। दवा वितरण की दैनिक रिपोर्ट संकलित कर मुख्यालय को भेजी जा रही है।