Maharajganj News : दुर्गापुर के CSC से चल रहा था ये फर्जी डॉक्यूमेंट बनाने का खेल! पुलिस ने मारी रेड

    13-Feb-2026
Total Views |

नौतनवा। स्थानीय पुलिस ने दुर्गापुर स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की आड़ में चल रहे फर्जी आधार कार्ड गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आधार से जुड़े दस्तावेज और संदिग्ध रसीदें बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने किसी की आईडी हैक कर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने का नेटवर्क खड़ा कर लिया था। लंबे समय से यह खेल चुपचाप चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने पुलिस टीम के साथ सीएससी केंद्र पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मौके से आधार कार्ड से संबंधित रसीदें, दस्तावेज, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जालसाजी के बड़े नेटवर्क की आशंका : पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं हो सकता। फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल बैंक खाते खुलवाने, सिम कार्ड जारी कराने और अन्य वित्तीय लेनदेन में किया जा सकता है। ऐसे में इस रैकेट के तार अन्य जिलों या राज्यों तक जुड़े होने की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।

फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना पर दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा चुके हैं।