Maharajganj News : फाल्गुन शिवरात्रि पर इटहिया में हाई अलर्ट! लाखों श्रद्धालुओं के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

    14-Feb-2026
Total Views |

निचलौल।
क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में फाल्गुन शिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले मेले की सभी तैयारियां प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में नेपाल राष्ट्र सहित दूर दराज के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर मन्नतें मांगते हैं। एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि मेले में आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन के अलावा सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है।


किसी भी अनहोनी की आशंका को समाप्त करते हुए मंदिर समिति व प्रशासन ने मेले में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। इस दौरान संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिस के साथ एलआईयू और अन्य जांच एजेंसियां के लोग भी सक्रिय रहेंगे।

क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा की नगरी में आकर जलाभिषेक करते हैं। इन श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन व मंदिर समिति के लिए चुनौती रहती है। इसको लेकर निचलौल, कोतवाली, ठूठीबारी, चौक, कोठीभार सहित अन्य थानों की पुलिस कर्मियों के अलावा पुलिस सिविल लाइन महराजगंज के भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही दो ट्रैफिक पुलिस, एक फायर बिग्रेड की ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर गेट, मंदिर परिसर व शिवलिंग की जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जिससे संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैमरे में कैद होंगी।