Maharajganj News : दो लाख प्रति किलो का लालच! ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ के जाल में इस तरह फंस रहे युवा

    16-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज में नशा तस्करी के नए खुलासे ने चौंका दिया है। युवाओं को अपने धंधे में शामिल करने के लिए तस्कर बड़े मुनाफे का लालच दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, बीते दिनों हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी में गिरफ्तार किए गए कुछ कैरियरों से पूछताछ में पता चला कि तस्कर एक किलो गांजा की तस्करी पर दो लाख रुपये कैरिंग चार्ज देते हैं। इसी लालच में कई युवा इनके लिए काम करने को तैयार हो जाते हैं।

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि कैरियर को केवल गांजा लेने और देने की जगह व व्यक्ति के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके अलावा कुछ नहीं बताया जाता।


गिरफ्तार दंपती ने बताया कि दिल्ली की सुल्ताना नाम की महिला ने उन्हें अपने पैसे से थाईलैंड बुलाया। वहां होटल में रहने खाने की अच्छी व्यवस्था की। इसके बाद 500 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड दिल्ली पहुंचाने के लिए एक लाख रुपये देने की बात कही गई। लेकिन एक ही बार में ज्यादा रकम का लालच देकर उन्हें छह किलो हाइड्रोपोनिक वीड दे दिया गया था।

पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि उच्च क्वालिटी का गांजा दिल्ली, हरियाणा और गोवा के रेस्टोरेंट बार में खपाया जाता है।