India Vs Pak T20 World Cup : कोलंबो में 61 रन की गूंज… पाकिस्तान पस्त, ‘नो हैंडशेक’ ने बढ़ाया मैच का ताप!

    16-Feb-2026
Total Views |

India Vs Pak T20 World Cup
: भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में करारी शिकस्त दी है। कोलंबो में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से पटखनी भी दी और फिर नो हैंडशेक का तमाचा भी जड़ा। विश्व कप में वैसे भी पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद खराब है।

पाकिस्तान की टीम भारत के सामने ना तो गेंद और ना ही बल्ले से चुनौती पेश कर सकी। भारत की जीत के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में प्रशंसकों का गुस्सा फूट पड़ा है। कई जगह से टीवी फोड़ने के वीडियो सामने आ रहे हैं, जाहिर है कि पाकिस्तानी प्रशंसक भारत के खिलाफ एक और हार को नहीं हजम कर पा रहे हैं।

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया।

पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई और 61 रनों से उसने मुकाबला गंवाया। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी।

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खत्म होने के बाद एक पाकिस्तानी प्रशंसक ने अपना टीवी तोड़ डाला। पाकिस्तान की हार पर ये प्रशंसक इतना बौखला गया कि उसने टीवी को ही तोड़ डाला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वहीं, पाकिस्तान में एक यू-ट्यूब चैनल के शो के दौरान भी प्रशंसक ने गुस्से से टीवी तोड़ दिया।


निराश दिखे पाकिस्तानी प्रशंसक
कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में भी पाकिस्तानी प्रशंसक निराश नजर आए। मकबूल नामक एक प्रशंसक ने निराशा व्यक्त की। मकबूल ने कहा, मुझे थोड़ी उम्मीद थी कि हम मैच जीतेंगे और कम से कम कड़ी टक्कर देंगे। लेकिन यह तो एक आम बात हो गई है। हमारे पास बुमराह का कोई जवाब नहीं है। हम हार्दिक का सामना नहीं कर सकते। यही हाल है। हमेशा की तरह, टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया।

मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी आपस में जीत का जश्न मनाते दिखे, जबकि पाकिस्तान के खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए। दोनों टीमों के बीच कोई सामूह सामूहिक हैंडशेक लाइन नहीं बनी। टॉस के दौरान भी कप्तानों के अलावा अन्य खिलाड़ियों के बीच सामान्य बातचीत या अभिवादन नजर नहीं आया।

बता दें कि इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम 114 पर ही ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।