Maharajganj News : तिराहे पर दिखा मौत का मंजर! स्कूटी-बाइक की भिड़ंत में दादा की गई जान, चार घायल

    17-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज
। पनियरा-परतावल मार्ग पर बभनौली गांव के पास स्थित तिराहे पर सोमवार की शाम पांच बजे स्कूटी और बाइक में टक्कर में महिला व बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। गम्भीर रूप से घायल दो को एम्बुलेंस से पीएचसी पनियरा लाया गया।

डॉक्टरों ने स्कूटी सवार मारकंडेय प्रसाद को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। जबकि महिला व बच्ची को मामूली चोटें आई हैं। मारकंडेय बेटी और नातिन को स्कूटी से घर ला रहे थे।


जानकारी के मुताबिक, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुहम्मदा निवासी मारकंडेय प्रसाद (60) पनियरा के ग्राम पंचायत रानीपुर में बेटी रीतू की ससुराल आए थे। वहां से स्कूटी से रीतू व उसकी बच्ची के साथ अपने घर मोहम्मदा आ रहे थे। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे।

इसी बीच बभनौली स्थित तिराहे के पास ग्राम पंचायत बैजूडेहरा निवासी सूरज (25) के बाइक से स्कूटी की टक्कर हो गई। दुर्घटना में चारों घायल हो गए। दुर्घटना के मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को पीएचसी भिजवाया।

महिला व उसकी बच्ची को एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां भर्ती कराया गया। पीएचसी पर डॉक्टरों ने मारकंडेय प्रसाद को मृत घोषित कर दिया और घायल सूरज की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मारकंडेय प्रसाद के शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।