Maharajganj News : ऑनलाइन इलाज का दावा, लेकिन सेंटर पर ताला! हेल्थ एंड वेलनेस व्यवस्था की खुली पोल

    17-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर ऑनलाइन परामर्श का दावा जमीनी हकीकत से कोसों दूर नज़र आ रहा है। यह सुविधा फाइलों में ही मरीजों को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में 182 सेंटरों पर ऑनलाइन इलाज परामर्श की सुविधा शुरू करने का दावा है। सोमवार दोपहर एक बजे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मोहद्दीनपुर में ताला लटका मिला। यहां मिलीं अनारी देवी ने ने बताया कि घुटने में दर्द हो रहा है, आधे घंटे तक इंतजार कर रही हूं लेकिन कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं मिला।


वहीं बबलू ने बताया कि यहां पर तैनात सीएचओ मनर्मजी से ड्यूटी पर आते हैं। आगे जाने पर महिमा मिलीं। उन्होंने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर ऑनलाइन इलाज की सुविधा कभी नहीं मिली। यहां पर तैनात सीएचओ नियमित नहीं आते हैं। एक सप्ताह से पेट में जलन की समस्या है। सेंटर पर इलाज के लिए गई लेकिन वहां पर सीएचओ नहीं मिलीं।

दो बजे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर रामनगर धूसिया टोला में स्थिति बदहाल दिखी। फर्श और फाटक टूटा हुआ है। सेंटर के पास रोहित मिले। उन्होंने बताया कि सेंटर पर किसी सीएचओ को नहीं देखा। ऑनलाइन परामर्श मिलने की बात कौन करे। मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे जाना पड़ता है। बबिता ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है।