Maharajganj News : दहेज के चक्कर में गला दबाने की कोशिश? भिटौली में विवाहिता ने घरवालों के खिलाफ उठाया कदम
18-Feb-2026
Total Views |
भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा निवासिनी एक विवाहिता की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की।
विवाहिता ने अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता दिव्या ने तहरीर में लिखा है कि उसका विवाह एक वर्ष पूर्व लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी कृष्णा चौहान से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति कृष्णा चौहान व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दो लाख रुपये एवं एक बुलेट की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता ने बताया कि 11 फरवरी की रात लगभग 11:30 बजे उसके साथ मार-पीट के दौरान गला दबाने का प्रयास किया गया। किसी तरह जान बचाकर वह मायके पहुंची। आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार विवाह में लगभग आठ लाख रुपये मूल्य का सामान उपहार स्वरूप दिया था। बावजूद इसके ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ती रहीं।